ईटानगर। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। अरुणाचल प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (एपीएसएसबी), ईटानगर ने संयुक्त माध्यमिक स्तरीय परीक्षा (सीएसएलई) 2026 के तहत मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के 93 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर रिक्तियों की घोषणा की है।

एमटीएस के 93 पदों पर होगी भर्ती

एपीएसएसबी की ओर से जारी 93 रिक्तियों में एमटीएस के 69, एमटीएस (चौकीदार) के 2, एमटीएस (रसोइया) के 6, एमटीएस (डाक रनर) का 1, एमटीएस (दफ्तरी) का 1, एमटीएस (हेल्पर) का 1, एमटीएस (माली) का 1, एमटीएस (चपरासी) के 8 और एमटीएस (सफाई कर्मचारी) के 4 पद शामिल हैं।

9 नवंबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

एमटीएस के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 नवंबर को दोपहर 3 बजे से शुरू हो जाएगी और आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक तय की गई है। आवेदन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एपीएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

दसवीं पास और आईटीआई उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से दसवीं कक्षा उत्तीर्ण, आईटीआई या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 23 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन से होगा चयन

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, वस्तुनिष्ठ प्रकार की लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों का मासिक वेतन 18,000 से 56,900 रुपये के बीच होगा।

सभी श्रेणियों के लिए 150 रुपये आवेदन शुल्क

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सभी श्रेणियों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये तय है। हालांकि, दिव्यांग व्यक्ति (पीडब्ल्यूडी)/मानक दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) को पंजीकरण शुल्क में छूट दी गई है।