वाशिंगटन। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने अमेरिकी उद्योग से भारत में निवेश करने को कहा है।  उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत नीतिगत स्थिरता और निश्चितता के साथ सबसे तेजी से बढऩे वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है।   मल्होत्रा ने यहां भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और अमेरिका भारत रणनीतिक साझेदारी मंच (यूएसआईएसपीएफ) के एक कार्यक्रम में कहा कि वैश्विक वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता और अस्थिरता बढऩे के बावजूद भारत में चालू वित्त वर्ष के दौरान 6.5 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है।   गवर्नर ने कहा, ऐसे समय में जब कई उन्नत अर्थव्यवस्थाएं आर्थिक चुनौतियों और बिगड़ते आर्थिक परिदृश्य का सामना कर रही हैं, भारत मजबूत वृद्धि और स्थिरता दर्शा रहा है। ऐसे में यह दीर्घकालिक मूल्य और अवसर की तलाश करने वाले निवेशकों के लिए एक स्वाभाविक विकल्प बन गया है।   उन्होंने कहा कि भारत मौद्रिक, वित्तीय, राजनीतिक और नीतिगत स्थिरता, अनुकूल कारोबारी माहौल, और मजबूत व्यापक आर्थिक बुनियाद से समर्थित अर्थव्यवस्था बना हुआ है।   मल्होत्रा ने कहा, हमारे पास एक साथ भविष्य को आकार देने का मौका है - न केवल भारत के लिए बल्कि एक बेहतर दुनिया के लिए। मैं आपको इस यात्रा का हिस्सा बनने, सहयोग करने, नवाचार करने और भारत में निवेश करने के लिए आमंत्रित करता हूं।