नई दिल्ली। विदेशी निवेशकों ने पिछले सप्ताह देश के इक्विटी बाजारों में 17,425 करोड़ रुपए का निवेश किया। अनुकूल वैश्विक संकेतों और मजबूत घरेलू व्यापक आर्थिक संकेतकों के चलते ऐसा हुआ।  इससे पहले 18 अप्रैल को समाप्त हुए सप्ताह में एफपीआई ने 8,500 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया था। वैश्विक स्तर पर, प्रमुख बाजारों में स्थिर प्रदर्शन, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में वृद्धि रोकने के अनुमान और स्थिर अमेरिकी डॉलर ने भारतीय बाजारों को मजबूती दी। मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट के संयुक्त निदेशक हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा कि वैश्विक व्यापार तनाव कम होने से निवेशकों की धारणा में और सुधार आया। घरेलू स्तर पर, भारत की अपेक्षाकृत बेहतर वृदधि संभावनाओं, मुद्रास्फीति में नरमी और सामान्य मानसून के अनुमानों से निवेशकों का बाजार में भरोसा बढ़ा।  उन्होंने कहा कि इन सभी कारकों ने विदेशी निवेशकों के लिए आकर्षक निवेश माहौल तैयार किया है। डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने 21 अप्रैल से 25 अप्रैल के दौरान इक्विटी में 17,425 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया। आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में अब तक एफपीआई ने इक्विटी से 5,678 करोड़ रुपए निकाले हैं, जिससे 2025 की शुरुआत से अब तक कुल निकासी 1.22 लाख करोड़ रुपए हो गई है।