अमरावती। जुपिटर रिन्यूएबल्स आंध्र प्रदेश में सौर सेल विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए 2,700 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। राज्य में संयंत्र स्थापित करने वाली यह तीसरी कंपनी होगी। राज्य तेजी से सौर मॉड्यूल और सेल उत्पादन में अग्रणी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा निवेश को मंजूरी देने के आदेश में कहा गया, कोलकाता स्थित जुपिटर इंटरनेशनल की अनुषंगी कंपनी जुपिटर रिन्यूएबल्स, 2,700 करोड़ रुपए के निवेश के साथ अनकापल्ली जिले के रामबिल्ली में 4.8 गीगावाट (जीडब्ल्यू) सौर फोटोवोल्टिक (पीवी) सेल एवं 1.5 गीगावाट मॉड्यूल विनिर्माण सुविधा स्थापित करने की योजना बना रही है। 
जुपिटर राज्य में सौर ऊर्जा विनिर्माण आधार स्थापित करने वाली तीसरी कंपनी है। राज्य अब इस क्षेत्र में गुजरात, राजस्थान और तमिलनाडु जैसे अग्रणी राज्यों को चुनौती दे रहा है। इससे पहले, इंडोसोल को एक ऊर्ध्वाधर एकीकृत सौर पीवी विनिर्माण इकाई में 69,000 करोड़ रुपए के निवेश के लिए मंजूरी मिली थी। 
वहीं प्रीमियर एनर्जीज भी राज्य में दो चरणों में निवेश कर रही है। पहले चरण में 5 गीगावाट इनगॉट एवं सौर वेफर विनिर्माण में।,742 करोड़ रुपए का निवेश होगा और दूसरे चरण में 8 गीगावाट सौर सेल विनिर्माण में 4,200 करोड़ रुपए का निवेश होगा। एन. चंद्रबाबू नायडू सरकार के पिछले साल सत्ता में आने के बाद से राज्य में अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश में उछाल देखा गया है।