मुंबई। स्थानीय शेयर बाजार में लगातार दो दिन की गिरावट के बाद बृहस्पतिवार को तेजी रही। अमेरिका में एक अदालत ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के जवाबी शुल्क के फैसले पर रोक लगा दी है, जिससे वैश्विक बाजारों में उछाल आया। इससे स्थानीय शेयर बाजार भी चढ़ गया।  तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 320.70 अंक यानी 0.39 प्रतिशत चढ़कर 81,633.02 अंक पर बंद हुआ। 
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला निफ्टी 81.15 अंक या 0.33 प्रतिशत चढ़कर 24,833.60 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में इंडसइंड बैंक 2.41 प्रतिशत चढ़ गया। बाजार नियामक सेबी ने बैंक के पूर्व सीईओ (मुख्य कार्यपालक अधिकारी) सुमंत कठपलिया और चार अन्य अधिकारियों को बैंक के शेयर में कथित भेदिया कारोबार के मामले में प्रतिभूति बाजार से प्रतिबंधित कर दिया है। 
इसके अलावा सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा और एक्सिस बैंक के शेयर भी फायदे में रहे। वहीं, बजाज फाइनेंस, आईटीसी, बजाज फिनसर्व और एशियन पेंट्स के शेयर नीचे आए।  अमेरिका की संघीय अदालत ने आयात पर जवाबी शुल्क लगाने के राष्ट्रपति ट्रंप के फैसले पर रोक लगा दी है, जिससे निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। 
जियोजीत इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, अमेरिकी अदालत ने ट्रंप की जवाबी शुल्क नीति पर रोक लगाई, जिसके बाद वैश्विक धारणा में सुधार हुआ। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड पर प्रतिफल बढऩे से घरेलू बाजार दिन में ज्यादातर समय तक एक दायरे में कारोबार करता रहा।