नई दिल्ली। वैश्विक यात्रा प्रौद्योगिकी मंच ओयो के संस्थापक रितेश अग्रवाल ने अपनी मूल कंपनी ओरावेल स्टेज के लिए नाम के सुझाव आमंत्रित किए हैं। यह एक रणनीतिक कदम ऐसे समय उठाया जा रहा है जब ओयो अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी कर रही है और प्रीमियम खंड में और पेशकश करने की योजना बना रही है। 
रणनीति से परिचित लोगों ने बताया कि इस बात की काफी संभावना है कि इस प्रक्रिया के दौरान चुना गया नाम उस प्रीमियम होटल ऐप का नाम हो सकता है जिसे ओयो निकट भविष्य में पेश करने की योजना बना रही है। अग्रवाल ने एक नई पहचान गढऩे में मदद के उद्देश्य से नाम के सुझाव मांगने के लिए सोशल मीडिया मंच का सहारा लिया। 
ओयो के संस्थापक ने कहा, हम मूल कंपनी का नाम बदल रहे हैं। होटल श्रृंखला नहीं, उपभोक्ता उत्पाद नहीं - बल्कि शहरी नवाचार एवं आधुनिक जीवन के वैश्विक परिवेश को सशक्त बनाने वाली मूल कंपनी। हमारा मानना है कि अब समय आ गया है कि दुनिया के पास एक नए तरह का वैश्विक ब्रांड हो जिसका गढ़ भारत में हो, लेकिन दुनिया के लिए बनाया गया हो।  
उन्होंने विजेता को तीन लाख रुपए का पुरस्कार और उनसे मिलने का मौका देने की घोषणा भी की है। मामले से अवगत लोगों ने बताया, ओयो अपने प्रीमियम होटल और मिड-मार्केट से लेकर प्रीमियम कंपनी-सेवा वाले होटल के लिए अलग ऐप पेश करने पर विचार कर रही है क्योंकि इस खंड में भारत के साथ-साथ वैश्विक बाजारों में भी तेजी से वृद्धि देखी गई है। इस बात की बहुत अधिक संभावना है कि चुना जा रहा नाम उस प्रीमियम होटल ऐप का नाम हो सकता है, जिसे ओयो निकट भविष्य में पेश करने की तैयारी कर रही है।  इससे पहले ओयो ने जून में पांच निवेश बैंकों की उसके प्रमुख शेयरधारक सॉफ्टबैंक से मिलने की व्यवस्था की है।