नई दिल्ली। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने एयर इंडिया विमान दुर्घटना पीड़ितों के लिए दावा निपटान प्रक्रिया में ढील दी है और इस प्रक्रिया को तेज भी किया है।  निगम ने कहा कि वह विमान दुर्घटना में प्रभावित लोगों की सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है और पीडि़तों के लिए दावा निपटान में तेजी लाएगा। बीमा कंपनी ने एक बयान में कहा, एलआईसी ने पॉलिसियों के दावेदारों की कठिनाइयों को कम करने के लिए कई रियायतों की घोषणा की है। 
मृत्यु प्रमाण पत्र के बदले, विमान दुर्घटना के कारण पॉलिसीधारक की मृत्यु के सरकारी रिकॉर्ड में कोई भी सबूत या केंद्राराज्य सरकाराएयरलाइन अधिकारियों द्वारा भुगतान किया गया कोई भी मुआवजा मृत्यु के प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाएगा।  एलआईसी ने कहा, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे कि दावेदारों तक पहुंचा जाए और प्रभावित परिवारों के दावों का शीघ्र निपटान किया जाए। आगे की सहायता के लिए, दावेदार एलआईसी की निकटतम शाखा से संपर्क कर सकते हैं।  बयान में कहा गया कि दावेदार एलआईसी के कॉल सेंटर 022-68276827 पर भी कॉल कर सकते हैं। 
इस बीच, बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस ने यह भी कहा कि उसने इस त्रासदी के कारण प्रभावित अपने ग्राहकों के लिए मृत्यु और विकलांगता दावों के निपटान को प्राथमिकता देने के लिए एक विशेष दावा निपटान डेस्क बनाई है।  बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस ने एक बयान में कहा कि इन पॉलिसी दावों को तेजी से निपटाने के लिए एक त्वरित प्रक्रिया स्थापित की गई है। प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए, बजाज आलियांज ने एक न्यूनतम दस्तावेज प्रक्रिया बनाई है।