नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने इस साल 11 जून तक अपनी प्रमुख रक्षक प्लस योजना के तहत 26 दिवंगत रक्षा एवं अर्द्धसैन्य कर्मियों के परिवारों को 17.02 करोड़ रुपए वितरित किए हैं। बैंक ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पीएनबी ने कहा कि यह भारत की रक्षा करने वाले बहादुर सैनिकों के प्रति बैंक के अटूट समर्थन की पुष्टि करता है। बयान के अनुसार, बैंक की रक्षक प्लस योजना में व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा में किसी के जान गंवाने पर एक करोड़ रुपए और स्थाई व पूर्ण विकलांगता एवं हवाई दुर्घटना के मामले में 1.5 करोड़ रुपए दिए जाते हैं। इस योजना में आंशिक विकलांगता कवरेज और वर्दीधारी लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यापक लाभ शामिल हैं। पीएनबी के मुख्य महाप्रबंधक (बीएआरएम) बिनय गुप्ता ने कहा, शहीदों के परिवारों के साथ खड़े रहना हमारा कर्तव्य है। रक्षक प्लस योजना के माध्यम से पीएनबी वित्तीय सहायता से कहीं अधिक प्रदान करता है। यह उनके असीम बलिदान के प्रति हमारे सम्मान और स्थाई समर्थन को दर्शाता है।
