नई दिल्ली। फसल सुरक्षा उत्पाद बनाने वाली कंपनी इंडोगल्फ क्रॉपसाइंसेज ने अपने 200 करोड़ रुपए के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 105-111 रुपए प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि आईपीओ 26 जून को खुलेगा और 30 जून को संपन्न होगा। बड़े (एंकर) निवेशक 25 जून को बोली लगा पाएंगे।
इंडोगल्फ क्रॉपसाइंसेज का यह पहला आईपीओ है। आईपीओ दस्तावेजों के अनुसार, यह 160 करोड़ रुपए के नए शेयर और 36.03 लाख शेयर की बिक्री पेशकश का संयोजन है। इससे हासिल राशि में से 65 करोड़ रुपए का इस्तेमाल कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण, 34.12 करोड़ रुपए ऋण भुगतान, 14 करोड़ रुपए का उपयोग पूंजीगत व्यय एवं सामान्य कॉर्पाेरेट कार्यों के लिए किया जाएगा। इंडोगल्फ क्रॉपसाइंसेज ने 1993 में अपना परिचालन शुरू किया था। भारत में यह फसल सुरक्षा उत्पादों, पौध पोषक तत्वों और जैविक पदार्थों बनाने का काम कर रही है।
