नई दिल्ली। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने मंगलवार को कहा कि उनकी योजना अगले पांच वर्ष में विभिन्न कारोबारों में रिकॉर्ड 15-20 अरब डॉलर का निवेश करने की है ताकि वृद्धि के अगले चरण का खाका तैयार किया जा सके। उन्होंने समूह के लगातार जांच के घेरे में आने के बीच उसके मजबूत बही-खाते का बखान किया। अदाणी ने कहा कि बंदरगाहों से लेकर हवाई अड्डों, नवीकरणीय ऊर्जा पार्क से लेकर डेटा सेंटर, सीमेंट से लेकर गैस और बिजली तक के व्यवसायों से हुई रिकॉर्ड आय ने भारत के सबसे बड़े बुनियादी ढांचा समूह का निर्माण किया है, जो न केवल बाजारों की सेवा के लिए बल्कि राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में योगदान के लिए मौजूद है।
समूह की वार्षिक आम बैठक को ऑनलाइन संबोधित करते हुए उन्होंने अक्षय ऊर्जा आपूर्ति ठेके हासिल करने के लिए कथित रिश्वतखोरी योजना में अमेरिकी अधिकारियों द्वारा हाल ही में अभियोग चलाए जाने का उल्लेख किया और कहा कि अदाणी समूह के किसी भी व्यक्ति पर अमेरिकी विदेशी भ्रष्ट आचरण अधिनियम (एफसीपीए) का उल्लंघन करने या न्याय में बाधा डालने की साजिश रचने का आरोप नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा, लगातार जांच के बावजूद भी अदाणी समूह कभी पीछे नहीं हटा। इसके बजाय, हमने साबित कर दिया कि सच्चा नेतृत्व धूप में नहीं बल्कि संकट की आग में तपकर तैयार होता है।
