नई दिल्ली। वाणिज्य मंत्रालय की इकाई व्यापार उपचार महानिदेशालय (डीजीटीआर) ने घरेलू कंपनियों की शिकायत के बाद इंडोनेशिया से मल्टी-लेयर पेपरबोर्ड के आयात के मामले में डंपिंग रोधी जांच शुरू की है।  इंडियन पेपर मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन ने इंडोनेशिया में उत्पादित या वहां से निर्यात किए जाने वाले वर्जिन मल्टी-लेयर पेपरबोर्ड के आयात के संबंध में डंपिंग रोधी जांच शुरू करने के लिए डीजीटीआर के समक्ष घरेलू उद्योग की तरफ से आवेदन दिया है। 
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि डंप किए गए आयात के कारण उद्योग प्रभावित हुआ है।  इस उत्पाद का उपयोग औषधि, दैनिक उपयोग के उत्पादों, खाद्य और पेय पदार्थों, इलेक्ट्रॉनिक्स, उच्च श्रेणी के सौंदर्य प्रसाधन, शराब, पुस्तक कवर और प्रकाशन की पैकेजिंग में किया जाता है। 
डीजीटीआर की अधिसूचना के अनुसार, आवेदक ने डंप किए गए आयात के कारण घरेलू उद्योग को हुए नुकसान के संबंध में सबूत दिए हैं। प्राधिकरण ने कहा, डंपिंग और उसके प्रभाव का पता लगाने के लिए डंपिंग रोधी जांच शुरू की जा रही है।  यदि यह स्थापित हो जाता है कि डंपिंग से घरेलू इकाइयों को भौतिक क्षति हुई है, तो डीजीटीआर आयात पर शुल्क लगाने की सिफारिश करेगा। शुल्क लगाने का अंतिम निर्णय वित्त मंत्रालय लेता है।