नई दिल्ली। राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) ने पिछले दो महीनों में ई-कॉमर्स कंपनियों एवं अन्य खुदरा विक्रेताओं से 7.14 करोड़ रुपए का रिफंड पाने में उपभोक्ताओं की मदद की है। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। इस हेल्पलाइन की मदद से रिफंड दावों से संबंधित 15,426 उपभोक्ता शिकायतों का समाधान किया गया।
उपभोक्ताओं की शिकायतें 30 क्षेत्रों से संबंधित थीं। विभाग ने बताया कि ई-कॉमर्स क्षेत्र से आईं सर्वाधिक 8,919 शिकायतों का निपटान किया गया। रिफंड भी इस क्षेत्र में सबसे अधिक 3.69 करोड़ रुपए का रहा। बयान के मुताबिक, 25 अप्रैल से 30 जून के बीच 7.14 करोड़ रुपए का रिफंड दिलाना इस हेल्पलाइन की प्रभाविता और जवाबदेही को दर्शाती है। उपभोक्ता इस हेल्पलाइन पर एक टोल-फ्री नंबर 1915 के जरिए 17 भाषाओं में अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। एनसीएच उपभोक्ता मामलों के विभाग की एक प्रमुख पहल है और यह उपभोक्ता शिकायतों को मुकदमे में जाने से पहले ही तेजी से और सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हेल्पलाइन के जरिए उपभोक्ता शिकायतों का निवारण उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत उपभोक्ता आयोगों पर अनुपालन बोझ को कम करता है।
