नई दिल्ली। ऑनलाइन होटल बुकिंग मंच ओयो ने यात्रा एजेंट मंच यात्रा के साथ साझेदारी की बृहस्पतिवार को घोषणा की। ओयो ने कहा कि इस साझेदारी का मकसद व्यावसायिक यात्रा पेशकशों का विस्तार करना और बिजनेस ट्रैवल खंड में अपनी उपस्थिति को मजबूत करना है।
इसके तहत ओयो के 500 से अधिक कंपनी सेवा प्राप्त होटल पहली बार यात्रा के मंच पर शामिल हो चुके हैं। कंपनी ने बयान में कहा कि ओयो इस वर्ष सितंबर तक यात्रा मंच पर बुकिंग के लिए कंपनी के।,000 और होटल जोडऩे की योजना बना रही है। ओयो के मुख्य परिचालन अधिकारी वरुण जैन ने कहा, हालांकि प्रत्यक्ष मांग, अब भी हमारा मुख्य आधार बनी हुई है जिसका हमारे कुल कारोबार में करीब 80 प्रतिशत का योगदान है। अब हम उन व्यावसायिक यात्रियों के विशिष्ट वर्ग तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं जो उभरते हुए व्यावसायिक केंद्रों की खोज कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, यह साझेदारी उन कंपनियों के लिए भी नए अवसर खोलती है जो मिश्रित यात्रा कार्यक्रम अपना रही हैं। व्यवसाय एवं अवकाश को एक साथ जोड़ रही हैं। लागत दक्षता और कर्मचारी उत्पादकता दोनों को बढ़ाने के लिए लचीली योजनाएं अपना रही हैं।
