नई दिल्ली। अपोलो हॉस्पिटल्स की प्रबंध निदेशक सुनीता रेड्डी के नेतृत्व वाले उसके प्रवर्तक समूह ने स्वास्थ्य सेवा कंपनी में 1.3 प्रतिशत हिस्सेदारी।,489 करोड़ रुपए में बेच दी है। कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि रेड्डी के नेतृत्व वाले प्रवर्तक समूह ने शेयर बाजारों पर थोक सौदों के माध्यम से अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज लिमिटेड में 1.3 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर 18,97,239 शेयर 7,850 रुपए प्रति शेयर के मूल्य पर बेचे हैं। इसमें कहा गया कि बिक्री से प्राप्त राशि का इस्तेमाल प्रवर्तक समूह के बकाया ऋण को कम करने में किया जाएगा। अपोलो हॉस्पिटल्स ने कहा कि बिक्री के बाद, अपोलो हॉस्पिटल्स में प्रवर्तक समूह की हिस्सेदारी 29.3 प्रतिशत से घटकर 28 प्रतिशत रह जाएगी और गिरवी रखी गई हिस्सेदारी 13.1 प्रतिशत से घटकर दो प्रतिशत होगी। कंपनी ने कहा कि प्रवर्तक समूह की निकट भविष्य में हिस्सेदारी में और कटौती की कोई योजना नहीं है।
