नई दिल्ली। अरविन्द कुमार, निदेशक (रिफ़ाइनरीज़) व अतिरिक्त प्रभार निदेशक (पाइपलाइन्स), इंडियन ऑयल, को वर्ष 2022-23 के लिए व्यक्तिगत नेतृत्व उत्कृष्टता हेतु 'स्कोप एमिनेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार, भारत की राष्ट्रपति, द्रौपदी मुर्मु ने अरविंद कुमार को उनके प्रबंध निदेशक, सीपीसीएल (चेन्नई पेट्रोलियम कॉर्प. लि.) के कार्यकाल के दौरान उत्कृष्ट निष्पादन और नेतृत्व हेतु विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में प्रदान किया। इस अवसर पर मामोनी बसुमतारी, महाप्रबंधक (तकनीकी), इंडियनऑयल रिफ़ाइनरीज़ मुख्यालय को उत्कृष्ट महिला नेतृत्व के लिए स्कोप अवॉर्ड भी प्रदान किया गया। अरविन्द कुमार के कुशल नेतृत्व में सीपीसीएल ने अभूतपूर्व संचालन एवं वित्तीय उपलब्धियाँ हासिल करते हुए शेड्यूल-ए का दर्जा प्राप्त किया और अपनी उद्योग-अग्रणी उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्राप्त किए। 35 से अधिक वर्षों के समृद्ध अनुभव के साथ, कुमार ने मेगा रिफ़ाइनिंग और पेट्रोकेमिकल परियोजनाओं के कार्यान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा अपने दूरदर्शी नेतृत्व के लिए पहचान बनाई है।
