नई दिल्ली। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लि. (जेएफएसएल) ने बुधवार को कहा कि प्रवर्तक समूह की इकाइयों ने कंपनी के विस्तार के लिए 3,956 करोड़ रुपए की पूंजी डाली है। जेएफएसएल ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी के निदेशक मंडल ने प्रवर्तक समूह के सदस्यों सिक्का पोर्ट्स एंड टर्मिनल्स लि. और जामनगर यूटिलिटीज एंड पावर प्राइवेट लि. को 316.50 रुपए प्रति वारंट की दर से 50 करोड़ वारंट आवंटित किए हैं।
इससे कुल मिलाकर कंपनी को 3,956.25 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं। दोनों कंपनियों को 316.50 रुपए प्रति यूनिट की दर से 25-25 करोड़ वारंट आवंटित किए गए हैं। जेएफएसएल के निदेशक मंडल ने जुलाई में प्रवर्तक समूह के सदस्यों को परिवर्तनीय वारंट के तरजीही निर्गम के माध्यम से 15,825 करोड़ रुपए के निवेश को मंजूरी दी थी। अंबानी परिवार और समूह की विभिन्न होल्डिंग इकाइयों सहित प्रवर्तकों के पास कंपनी में कुल मिलाकर 47.12 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
