गुरुग्राम। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हरियाणा के सोहना में जापान की कंपनी टीडीके कॉरपोरेशन के लिथियम-आयन बैटरी संयंत्र का बृहस्पतिवार को उद्घाटन किया। वैष्णव ने उद्घाटन के बाद कहा कि हरियाणा के सोहना में कारखाना देश में इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण मूल्य श्रृंखला को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयास का हिस्सा है। मंत्री ने कहा, मोबाइल फोन व घडय़िों, ईयरबड, एयरपॉड और लैपटॉप जैसे पहनने योग्य उपकरणों में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरियां अब भारत में टीडीके कॉर्पाेरेशन के इस अत्यंत उन्नत संयंत्र में बनाई जाएंगी। यह संयंत्र हर साल करीब 20 करोड़ बैटरी पैक का निर्माण करेगा।  टीडीके एप्पल, प्रमुख मोबाइल फोन कंपनियों, लैपटॉप विनिर्माताओं और अन्य वायरलेस उपकरणों को बैटरियां प्रदान करता है। वैष्णव ने कहा कि देश में मोबाइल फोन क्षेत्र में हर साल करीब 50 करोड़ सेल पैक की आवश्यकता होती है।