नई दिल्ली। जर्मनी की लग्जरी कार विनिर्माता ऑडी ने सोमवार को भारत में अपने विभिन्न मॉडलों की कीमतों में 2.6 लाख रुपए से लेकर 7.8 लाख रुपए तक कटौती की घोषणा की। कंपनी ने एक बयान में कहा कि जीएसटी 2.0 लागू होने के बाद उसने अपने सभी मॉडलों की कीमतों में संशोधन किया है। इसके तहत ग्राहकों को मॉडल के आधार पर 2.6 लाख रुपए से लेकर 7.8 लाख रुपए तक का लाभ मिलेगा। नई कीमतों के तहत कंपनी की शुरुआती एसयूवी क्यू3 की कीमत 43.07 लाख रुपए से शुरू होगी, जो पहले 46.14 लाख रुपए थी। इसी तरह शीर्ष एसयूवी क्यू8 की शुरुआती कीमत 1.18 करोड़ रुपए से घटकर 1.1 करोड़ रुपए हो जाएगी। एसयूवी क्यू5 और क्यू7 जैसे अन्य मॉडलों के साथ ही सेडान ए4 और ए6 की कीमतों में भी कमी की गई है।
