नई दिल्ली। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती का पूरा लाभ ग्राहकों को देने के लिए वाहन कंपनी स्कोडा ऑटो इंडिया ने अपने पूरे उत्पाद पोर्टफोलियो की कीमतों में 3.3 लाख रुपए तक की कटौती करने का फैसला किया है। कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि 22 सितंबर से उसकी कोडियाक एसयूवी की कीमत 3,28,267 रुपए तक कम हो जाएगी, जबकि कॉम्पैक्ट एसयूवी काइलैक की कीमत में।,19,295 रुपए तक की कमी आएगी। इसी तरह, एसयूवी कुशाक की कीमत में 65,828 रुपए तक और सेडान स्लाविया की कीमत में 63,207 रुपए तक की कमी आएगी। स्कोडा ऑटो इंडिया के ब्रांड निदेशक आशीष गुप्ता ने कहा, संशोधित और सरलीकृत जीएसटी संरचना भारत सरकार का एक स्वागतयोग्य कदम है, जो उद्योग और हमारे ग्राहकों दोनों के पक्ष में है। कंपनी ने कहा कि वह वर्तमान में कुशाक, स्लाविया और कोडियाक मॉडल पर आगामी जीएसटी कटौती के बराबर सीमित अवधि के ऑफर लाभ दे रही है, जो 21 सितंबर तक मान्य है।
