नई दिल्ली। मदर डेयरी ने मंगलवार को कहा कि वह माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में 100 प्रतिशत कटौती का लाभ उपभोक्ताओं को देगी और मूल्यवर्धित डेयरी उत्पाद और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ (सफल ब्रांड के तहत) सहित उसके अधिकांश उत्पाद 22 सितंबर से सस्ते हो जाएंगे। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी मदर डेयरी ने कहा कि पनीर (200 ग्राम) की कीमतें 95 रुपए से घटकर 92 रुपए, घी कार्टन पैक (एक लीटर) 675 रुपए से घटकर 645 रुपए और मक्खन 100 ग्राम 62 रुपए से घटकर 58 रुपए हो जाएगा। इसी तरह कसाटा आइसक्रीम, अचार, टमाटर प्यूरी और सफल फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज सहित कई अन्य उत्पादों की कीमतें भी कम हो जाएंगी। मदर डेयरी के प्रबंध निदेशक मनीष बंदलिश ने कहा, डेयरी और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला पर जीएसटी में हालिया कटौती एक प्रगतिशील कदम है जो खपत को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाएगा और सुरक्षित, उच्च-गुणवत्ता वाले पैकेटबंद उत्पादों को अपनाने में तेजी लाएगा। बंदलिश ने कहा, एक उपभोक्ता-केंद्रित संगठन के रूप में, हम इस सुधार की भावना को ध्यान में रखते हुए, 22 सितंबर, 2025 से अपने ग्राहकों को जीएसटी कटौती का 100 प्रतिशत कर लाभ प्रदान कर रहे हैं। मदर डेयरी का पूरा पोर्टफोलियो अब या तो छूटाशून्य या पांच प्रतिशत के सबसे निचले स्लैब के अंतर्गत आता है। उन्होंने आगे कहा, हमें विश्वास है कि इस उपाय का संपूर्ण मूल्य श्रृंखला पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
