लंदन। ब्रिटेन में अगस्त महीने के दौरान खुदरा मुद्रास्फीति 3.8 प्रतिशत पर स्थिर रही। बुधवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई। इस आंकड़े के बाद बैंक ऑफ इंग्लैंड बृहस्पतिवार को नीतिगत ब्याज दर को स्थिर रखने का फैसला कर सकता है। अगस्त में रेपो दर को घटाकर चार प्रतिशत किया गया था। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (ओएनएस) की तरफ से जारी अगस्त महीने के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में खाद्य और पेय पदार्थों की कीमतें लगातार पांचवें महीने बढ़ीं, जबकि हवाई किराए में जुलाई के मुकाबले तेज गिरावट आई। हालांकि, खुदरा मुद्रास्फीति अब भी ब्रिटिश केंद्रीय बैंक के दो प्रतिशत लक्ष्य से लगभग दोगुनी है लेकिन अर्थशास्त्रियों के अनुमानों के उलट बढ़ी नहीं है। ब्रिटेन की वित्त मंत्री राचेल रीव्स ने खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े आने के बाद उम्मीद जताई कि आने वाले वर्ष में मुद्रास्फीति लक्ष्य के करीब रहेगी जिससे उपभोक्ताओं की महंगाई-जनित मुश्किलें कुछ कम होंगी।
