नई दिल्ली। ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म ने शुक्रवार को अपने प्रीमियम होटल और होमस्टे ब्रांडों को जोडऩे वाली एक नई शाखा चेकइन की पेशकश की। कंपनी अपने प्रीमियम होटलों और होमस्टे को चेकइन ऐप पर प्रदर्शित करेगी, जिसमें संडे होटल्स, क्लब हाउस और और पैलेट के साथ ही यूरोप में हॉलीडे होम्स शामिल हैं। कंपनी ने कहा कि चेकइन प्रीमियम और लक्जरी खंड में सेवाएं देगा, जबकि ओयो ऐप किफायती यात्रा करने वाले लोगों का पसंदीदा बना रहेगा। प्रिज्म के संस्थापक और समूह सीईओ रितेश अग्रवाल ने कहा, इस पहल के दो प्रमुख लाभ हैं- इससे भरोसा मिलेगा कि प्रत्एक संपत्ति गुणवत्ता और सेवा के कठोर मानकों को पूरा करती है और विभिन्न चैनलों पर भटकने के बिना प्रीमियम विकल्पों तक सीधे पहुंचने की सुविधा।  ओयो ने कहा कि चेकइन शुरुआत में भारत में उपलब्ध होगा, लेकिन आने वाले महीनों में इसे वैश्विक स्तर पर पेश किया जाएगा।