नई दिल्ली। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्रैक्टर और कृषि उपकरण निर्माताओं से 22 सितंबर से जीएसटी में होने वाली कटौती का लाभ किसानों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि इस कदम से विभिन्न ट्रैक्टर श्रेणियों में कीमतों में 23,000 रुपए से 63,000 रुपए तक की उल्लेखनीय कमी आएगी। चौहान ने कृषि उपकरण निर्माताओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद मीडिया से कहा कि जीएसटी (माल एवं सेवा कर) में कटौती से देश भर के कस्टम हायरिंग सेंटर में कृषि मशीनरी सस्ती हो जाएगी और उनके किराए में भी कमी आएगी। कस्टम हायरिंग सेंटर (सीएचसी) किसानों को किराए पर कृषि मशीनरी और उपकरण उपलब्ध कराते हैं। इससे छोटे और मझोले किसानों को विशेष रूप से लाभ होता है। चौहान ने कहा, जीएसटी में कटौती से किसानों को सीधा लाभ होगा। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना है। इसके लिए उत्पादन बढ़ाने के साथ ही खेती की लागत भी कम करनी होगी।  उन्होंने कहा, उत्पादन बढ़ाने और खेती की लागत कम करने के लिए ट्रैक्टर जैसी कृषि मशीनरी की आवश्यकता होती है। मैंने उनसे (निर्माताओं से) 22 सितंबर से जीएसटी में की गई कटौती का लाभ किसानों को देने का आग्रह किया है। इससे किसानों को बहुत बड़ा फायदा होगा।  चौहान ने कहा कि इस कटौती से सभी श्रेणियों के कृषि उपकरण सस्ते होंगे और निर्माताओं तथा डीलरों के लिए यह जरूरी है कि वे इसका लाभ किसानों तक पहुंचाएं।  बैठक में ट्रैक्टर एवं मशीनीकरण संघ (टीएमए), कृषि मशीनरी निर्माता संघ (एएमएमए), अखिल भारतीय कंबाइन हार्वेस्टर निर्माता संघ (एआईसीएमए), पावर टिलर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पीटीएआई) और अन्य संबंधित संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।