नई दिल्ली। केंद्र सरकार दैनिक उपयोग की घरेलू वस्तुओं पर जीएसटी दर में कटौती का लाभ ई-कॉमर्स मंचों पर उपलब्ध कराए जाने को लेकर सतर्क है और इस पर लगातार नजर बनाए है। सरकारी सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कुछ ई-कॉमर्स मंच पर बेची जा रही रोजर्मा की जरूरी वस्तुओं की कीमतों में उचित कटौती न होने की शिकायतों के बीच सूत्रों ने बताया कि क्षेत्रीय अधिकारी कीमतों में बदलाव पर नजर रख रहे हैं। एक सूत्र ने कहा, हम कीमतों में बदलाव पर नजर रख रहे हैं। क्षेत्रीय अधिकारी निगरानी कर रहे हैं और हमें 30 सितंबर तक उनसे पहली रिपोर्ट मिल जाएगी। सूत्र ने कहा, हम ऐसी शिकायतों पर जल्दबाजी में एवं बिना सोचे समझे कोई कार्वाई नहीं चाहते। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में पांच और 18 प्रतिशत की दो स्तरीय व्यवस्था 22 सितंबर से लागू की गई है। इससे 99 प्रतिशत दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतें कम हो गई हैं।
