नई दिल्ली। विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में बुधवार को तीन प्रतिशत से अधिक और वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में 15.50 रुपए प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गई। तेल विपणन कंपनियों ने वैश्विक मानकों के अनुसार ईंधन की कीमतों में यह संशोधन किया। सार्वजनिक क्षेत्र के ईंधन खुदरा विक्रेताओं के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में विमान ईंधन की कीमत 3,052.5 रुपए प्रति किलोलीटर यानी 3.3 प्रतिशत बढ़कर 93,766.02 रुपए प्रति किलोलीटर हो गई। यह वृद्धि पिछले महीने 1.4 प्रतिशत (1,308.41 रुपए प्रति किलोलीटर) की कटौती के बाद हुई है। कीमतों में बढ़ोतरी से वाणिज्यिक एयरलाइनों पर बोझ बढ़ेगा, क्योंकि इनकी परिचालन लागत में ईंधन का योगदान लगभग 40 प्रतिशत है। कीमतों में बढ़ोतरी पर एयरलाइनों से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं मिल सकी है। मुंबई में एटीएफ की कीमत 84,832.83 रुपए प्रति किलोलीटर से बढ़कर 87,714.39 रुपए प्रति किलोलीटर हो गई। चेन्नई और कोलकाता में यह क्रमश: 96,816.58 रुपए और 97,302.14 रुपए प्रति किलोलीटर के भाव पर पहुंच गई।  वैट जैसे स्थानीय करों के आधार पर कीमतें विभिन्न शहरों में अलग-अलग होती हैं।  इसके साथ ही, तेल कंपनियों ने होटल और रेस्त्रां में इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत 15.50 रुपए प्रति सिलेंडर (19 किलोग्राम) बढ़ा दी। राष्ट्रीय राजधानी में वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत अब।,595.50 रुपए है। यह बढ़ोतरी छह महीने की कटौती के बाद हुई है, जिसमें पिछली कटौती एक सितंबर को 51.50 रुपए की थी। इन छह कटौतियों में अप्रैल से अब तक कीमतों में 223 रुपए प्रति सिलेंडर की कमी की गई है। हालांकि, घरेलू उपयोग में आने वाली रसोई गैस की कीमत 853 रुपए प्रति सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) पर अपरिवर्तित रही। अप्रैल में घरेलू एलपीजी की कीमत में 50 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई थी।