जयपुर। अमेजन इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को दावा किया कि राजस्थान में वार्षिक सेल्स फेस्टिवल के दौरान स्मार्टफोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन और ब्यूटी तथा रसोई घर में इस्तेमाल होने वाले उत्पाद जैसी श्रेणियों में ऑनलाइन खरीदारी में जबर्दस्त वृद्धि दर्ज की गई। अमेजन इंडिया के उपाध्यक्ष सौरभ श्रीवास्तव ने कहा, 22 सितंबर से शुरू हुए अमेजन ग्रेट इंडियन फेस्टिवल-2025 में राजस्थान भर के ग्राहकों और विक्रेताओं की उत्साहजनक भागीदारी देखी गई है। इस दौरान स्मार्टफोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन व ब्यूटी, रसोईघर का सामान तथा बड़े उपकरण उत्पाद खंड में जोर बढ़ोतरी हुई।  उन्होंने कहा कि विभिन्न श्रेणियों में दिवाली स्पेशल डील और पेशकश ने ग्राहकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।  उन्होंने आगे कहा कि कंपनी के बढ़े लॉजिस्टिक नेटवर्क के कारण पूरे क्षेत्र में डिलिवरी में तेजी आई है। जयपुर में एक-दिन की डिलिवरी में 50 प्रतिशत से अधिक और जोधपुर में दो-दिन की डिलिवरी में 70 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, इस बार ग्राहकों की प्रतिक्रिया शानदार रही है।