नई दिल्ली। बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ने उसकी बिजली पारेषण एवं वितरण इकाई को पश्चिम एशिया में ग्रिड बुनियादी ढांचे के बड़े ठेके मिलने की सोमवार को जानकारी दी। कंपनी के परियोजना वर्गीकरण के अनुसार, एक बड़ा ठेका 2,500 करोड़ रुपए से 5,000 करोड़ रुपए तक का माना जाता है। शेयर बाजार को दी सूचना के अनुसार, कंपनी को पश्चिम एशिया में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 132 केवी के नए सबस्टेशन बनाने का एक और ठेका मिला है। एलएंडटी पीटीएंडडी को ओमान में 400 केवी सबस्टेशन की इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण का ठेका मिला है। सऊदी अरब में नवीकरणीय ऊर्जा विद्युत संयंत्रों के एकीकरण से संबंधित 380 केवी ओवरहेड ट्रांसमिशन लाइन के पूर्ण निर्माण के लिए एक ठेका मिला है। लार्सन एंड टुब्रो 30 अरब डॉलर की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी है जो इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ईपीसी) परियोजनाओं में लगी हुई है। इसकी विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में उपस्थिति है।
