नई दिल्ली। बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ने शुक्रवार को कहा कि उसे ओडिशा में अपनी आगामी परियोजना के लिए हिंडाल्को से एल्युमीनियम स्मेल्टर स्थापित करने का ठेका मिला है। इसके अलावा उसे टाटा स्टील से कोक ओवन बैटरी बनाने का ठेका भी मिला है। लार्सन एंड टुब्रो के खनिज एवं धातु व्यवसाय खंड द्वारा दोनों ठेके प्राप्त किए गए हैं। ए ठेके हाल ही में भारत में इस खंड द्वारा प्राप्त कई ठेकों का हिस्सा हैं। बीएसई को दी गई सूचना में एलएंडटी ने कहा कि उसे हिंडाल्को से ओडिशा में अपनी आगामी ग्रीनफील्ड परियोजना के लिए 180 केटीपीए एल्युमीनियम स्मेल्टर तथा गैस ट्रीटमेंट सेंटर स्थापित करने का ठेका मिला है। कंपनी सूचना के अनुसार, उसने टाटा स्टील (जमशेदपुर) से कोक ओवन बैटरी 6 एाबी स्थापित करने का ठेके भी हासिल किया है।  एलएंडटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रमुख (खनिज एवं धातु) टी. कुमारेसन ने कहा, यह देश के औद्योगिक बुनियादी ढांचे को आकार देने में हमारी भूमिका को और मजबूत करता है। साथ ही विश्व स्तरीय निष्पादन एवं प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता के माध्यम से इस्पात क्षेत्र के साथ संबंधों को और गहरा करता है।