नई दिल्ली। जापान की मोटर वाहन विनिर्माता कंपनी होंडा मोटर कंपनी लिमिटेड ने ओएमसी पावर में पांच से 10 प्रतिशत की अल्पमत हिस्सेदारी खरीदी है। उद्योग जगत के सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि होंडा मोटर ने ओएमसी पावर में 5-10 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है और भविष्य में वह अपनी हिस्सेदारी बढ़ा सकती है। ओएमसी पावर के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रोहित चंद्रा ने एक बातचीत में कहा कि दोनों कंपनियां व्यावसायिक सहयोग के लिए चार साल से अधिक समय से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने बताया कि यह होंडा मोटर का भारत में किसी वितरित ऊर्जा मंच में किया गया पहला निवेश भी है। होंडा मोटर, ओएमसी पावर में निवेश करने वाली तीसरी जापानी कंपनी बन गई है। इससे पहले मित्सुई एंड कंपनी और चुबू इलेक्ट्िरक इसमें निवेश कर चुकी हैं। ओएमसी पावर में मित्सुई एंड कंपनी की 26 प्रतिशत जबकि चुबू इलेक्ट्िरक पावर की 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यह निवेश ऐसे समय में हुआ है जब ओएमसी पावर एक नए व्यावसायिक क्षेत्र में प्रवेश कर रही है, जहां कंपनी इलेक्ट्िरक वाहन (ईवी) बैटरियों को बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) समाधान के रूप में तैनात करेगी और पुरानी ईवी बैटरी को यूपीएस (अबाधित बिजली आपूर्ति) जैसे इन्वर्टर या इसी तरह के अन्य अनुप्रयोगों के लिए पुन: उपयोग में लाएगी।
