नई दिल्ली। आईफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल ने जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान भारत में अब तक का रिकॉर्ड राजस्व कमाया है। यह दुनिया के दूसरे सबसे बड़े स्मार्टफोन बाजार में मजबूत वृद्धि का संकेत है, जहां प्रौद्योगिकी दिग्गज खुदरा उपस्थिति एवं स्थानीय विनिर्माण को बढ़ा रहा है। कंपनी ने बयान में कहा कि एप्पल ने इस तिमाही में सालाना आधार पर आठ प्रतिशत अधिक कुल 102.5 अरब अमेरिक डॉलर का राजस्व दर्ज किया। साथ ही नए आईफोन 17 को दुनिया भर में अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है जिससे अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है। एप्पल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने कहा कि कंपनी ने अधिकतर बाजारों में वृद्धि दर्ज की है। अमेरिका, कनाडा, लैटिन अमेरिका, पश्चिमी यूरोप, पश्चिम एशिया, जापान, कोरिया और दक्षिण एशिया सहित कई बाजारों में जुलाई-सितंबर तिमाही में रिकॉर्ड राजस्व दर्ज किया गया है। कुक ने कहा, हमने उभरते बाजारों में जुलाई-सितंबर तिमाही में राजस्व का रिकॉर्ड बनाया। भारत में भी सर्वकालिक अधिकतम राजस्व दर्ज किया। खुदरा क्षेत्र के बारे में उन्होंने कहा कि कंपनी अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ उत्पाद लाइनअप के साथ वर्ष के सबसे व्यस्त समय में प्रवेश कर रही है। कुक ने बताया कि हाल ही में घोषित मैकबुक प्रो व आईपैड प्रो के साथ पावरहाउस एम5 चिप के साथ, हम छुट्टियों के मौसम में अपने सबसे असाधारण उत्पादों को साझा करने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, पिछले कुछ महीनों में हमने भारत और संयुक्त अरब अमीरात जैसे उभरते बाजारों में नए बिक्री केंद्र खोले हैं तथा अमेरिका और चीन में नए स्थान लिए हैं। एप्पल के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) केवन पारेख ने कहा कि आईफोन का कुल राजस्व 49 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जो पिछले साल की तुलना में छह प्रतिशत अधिक है। इसमें आईफोन 16 का सबसे अधिक योगदान रहा।
