नई दिल्ली। ऋण प्रदाता फिनबड फाइनेंशियल सर्विसेज ने अपने 71.6 करोड़ रुपए के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 140-142 रुपए प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि आईपीओ छह नवंबर को खुलेगा और 10 नवंबर को संपन्न होगा। बड़े (एंकर) निवेशक चार नवंबर को बोली लगा पाएंगे। यह आईपीओ पूर्णत: 50.48 लाख शेयर का नया निर्गम है। इसमें कोई बिक्री पेशकश (ओएफएस) नहीं है। इस निर्गम से प्राप्त राशि का उपयोग कंपनी कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं, अनुषंगी कंपनी एलटीसीवी क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड में निवेश, व्यवसाय विकास एवं विपणन गतिविधियों के लिए वित्तपोषण तथा ऋण के पुनर्भुगतान के लिए करेगी। कंपनी को जाने-माने निवेशक आशीष कचोलिया, एम एस धोनी फैमिली ऑफिस और सीएएमएस के संस्थापक शंकर वी का समर्थन हासिल है।