नई दिल्ली। वैश्विक मानकों के अनुरूप ईंधन कीमतों में मासिक संशोधन के तहत शनिवार को विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में करीब एक प्रतिशत की वृद्धि की गई, जबकि वाणिज्यिक रसोई गैस (एलपीजी) की कीमतों में पांच रुपए प्रति सिलेंडर की मामूली कटौती की गई। सार्वजनिक क्षेत्र के ईंधन खुदरा विक्रेताओं के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में एटीएफ की कीमत 777 रुपए प्रति किलोलीटर या 0.8 प्रतिशत बढ़कर 94,543.02 रुपए प्रति किलोलीटर हो गई है। एटीएफ की कीमतों में यह लगातार दूसरी मासिक वृद्धि है। एक अक्टूबर को कीमतों में 3,052.5 रुपए प्रति किलोलीटर या 3.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले एक सितंबर को कीमतों में 1.4 प्रतिशत (1,308.41 रुपए प्रति किलोलीटर) की कटौती की गई थी। मूल्य परिवर्तन के प्रभाव पर विमानन कंपनियों से तत्काल कोई टिप्पणी प्राप्त नहीं हो सकी। मुंबई में एटीएफ की कीमत 87,714.39 रुपए प्रति किलोलीटर से बढ़ाकर 88,44.87 रुपए प्रति किलोलीटर कर दी गई, जबकि चेन्नई और कोलकाता में इसकी कीमत क्रमश: 98,089.68 रुपए और 97,549.18 रुपए प्रति किलोलीटर कर दी गई। इसके साथ ही, तेल कंपनियों ने होटलों और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक रसोई गैस (एलपीजी) के 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में पांच रुपए की कमी की है। राष्ट्रीय राजधानी में अब वाणिज्यिक रसोई गैस की कीमत।,590.50 रुपए है।