नई दिल्ली। भारत में पेय पदार्थ बनाने वाली प्रमुख कंपनी और कोका-कोला की बॉटलिंग इकाई हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेजेज (एचसीसीबीएल) को वित्त वर्ष 2025-26 अच्छी वृद्धि की उम्मीद है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। ऐसा इस बात के बावजूद है कि कंपनी को चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में प्रतिकूल मौसम से लेकर बाहरी व्यापक आर्थिक दबाव जैसे व्यवधानों का सामना करना पड़ा। एचसीसीबीएल को तेजी से शहरीकरण और बढ़ती खर्च करने योग्य आय जैसी अनुकूल व्यापक परिस्थितियों बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।  कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) हर्ष भूटानी ने कहा कि आशाजनक नजरिए के साथ एचसीसीबीएल क्षमता, पोर्टफोलियो और वितरण के विस्तार सहित अन्य क्षेत्रों में निवेश जारी रखेगी।  इसके अलावा एचसीसीबीएल के बोर्ड का पुनर्गठन किया गया है, क्योंकि मूल इकाई द कोका-कोला कंपनी ने जुबिलेंट भारतीय समूह को 40 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी है। उद्योग के एक अंदरुनी सूत्र के अनुसार दवा, खाद्य सेवाओं, कृषि व्यवसाय, ऊर्जा और अन्य सेवाओं से जुड़े जुबिलेंट भारतीय समूह के चार लोग एचसीसीबीएल के बोर्ड में शामिल हो गए हैं। इस बारे में पूछने भूटानी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि इस सौदे के बाद एचसीसीबीएल बोर्ड का पुनर्गठन किया गया है। उन्होंने कहा, जुबिलेंट भारतीय समूह को 40 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के बाद एचसीसीबी अब कोका-कोला कंपनी और जुबिलेंट भारतीय समूह के संयुक्त स्वामित्व में है। यह लेनदेन जुलाई में पूरा हुआ था, जिसके बाद निदेशक मंडल का पुनर्गठन किया गया है।