चंडीगढ़ । हरियाणा सरकार किसानों को बागवानी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के लिए नए प्रावधान ला रही है। बागवानी विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस पहल के तहत किसानों को फलों, सब्जियों, फूलों और मसालों की खेती के लिए प्रेरित किया जाएगा। योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने कहा कि इसमें नए फलों के बागान की स्थापना, एकीकृत मॉडल के माध्यम से सब्जियों की खेती, फलों की फसलें, मसाले और सुगंधित पौधे उगाने जैसी गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को निम्नानुसार सब्सिडी प्रदान की जाएगी, नए फल बाग़ लगाने पर प्रति एकड़ 24,500 रुपए से।,40,000 रुपए तक, एकीकृत मॉडल के अंतर्गत सब्जी की खेती पर प्रति एकड़ 15,000 रुपए, अनुसूचित जाति के किसानों के लिए प्रति एकड़ 25,500 रुपए, मसाला फसलों की खेती पर प्रति एकड़ 15,000 रुपए से 30,000 रुपए तक, फूलों की खेती पर प्रति एकड़ 8,000 रुपए से 40,000 रुपए तक और सुगंधित पौधों की खेती पर प्रति एकड़ 8,000 रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। उन्होंने कहा, सब्सिडी राशि सीधे किसान के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। सब्सिडी सहायता की अधिकतम सीमा पांच एकड़ तक है।