नई दिल्ली। चश्मों की खुदरा कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस के शेयर ने सोमवार को बाजार में कमजोर शुरुआत की और वह अपने निर्गम मूल्य 402 रुपए से करीब तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ सूचीबद्ध हुआ। हालांकि शुरुआती कारोबार के बाद इसने कुछ हद तक नुकसान की भरपाई की। बीएसई पर शेयर ने निर्गम मूल्य से 2.98 प्रतिशत की गिरावट के साथ 390 रुपए पर शुरुआत की। बाद में यह 11.52 प्रतिशत लुढ़कर 355.70 रुपए पर आ गया और फिर 0.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 403.80 रुपए पर पहुंच गया। एनएसई पर शेयर 1.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 395 रुपए पर सूचीबद्ध हुआ। बाद में 11.41 प्रतिशत फिसलकर 356.10 रुपए पर आ गया और फिर 0.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 404 रुपए पर कारोबार करने लगे। एनएसई पर कंपनी का बाजार मूल्यांकन 69,091.21 करोड़ रुपए रहा। लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन गत मंगलवार को 28.26 गुना अभिदान मिला था। कंपनी ने अपने 7,278 करोड़ रुपए के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए मूल्य दायरा 382-402 रुपए प्रति शेयर तय किया था। लेंसकार्ट की स्थापना 2008 में की गई। 2010 में एक ऑनलाइन आईवियर मंच के रूप में इसने शुरुआत की और 2013 में नई दिल्ली में अपना पहला बिक्री केंद्र खोला। पिछले कुछ वर्षों में इसने आईवियर श्रेणी में देश के सबसे प्रमुख उपभोक्ता ब्रांड में से एक के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है।
