नई दिल्ली । सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पाेरेशन (ओएनजीसी) का शुद्ध लाभ जुलाई-सितंबर तिमाही में तेल की कीमतों में गिरावट के कारण 18 प्रतिशत घट गया। ओएनजीसी ने बयान में कहा कि कंपनी का शुद्ध लाभ जुलाई-सितंबर में 9,848 करोड़ रुपए रहा जो एक साल पहले इसी अवधि में 11,984 करोड़ रुपए दर्ज किया गया था। यह गिरावट मुख्य रूप से कच्चे तेल की कीमतों में कमी के कारण आई। कच्चे तेल की कीमत वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही की 78.33 डॉलर प्रति बैरल से घटकर चालू वित्त वर्ष 2025-26 की इस तिमाही में 67.34 डॉलर हो गई। ओएनजीसी ने दूसरी तिमाही में 46.3 लाख टन कच्चे तेल का उत्पादन किया जो जुलाई-सितंबर 2024 के 45.76 लाख टन उत्पादन से थोड़ा अधिक है। इसका गैस उत्पादन 4.918 अरब क्यूबिक मीटर पर स्थिर रहा। पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में कच्चे तेल का उत्पादन बढ़कर 93.14 लाख टन हो गया जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 92.04 लाख टन था। गैस उत्पादन थोड़ा कम होकर 9.763 बीसीएम रहा। गौरतलब है कि राष्ट्रीय गहरे जल अन्वेषण मिशन समुद्र मंथन की घोषणा के अनुसरण में ओएनजीसी राष्ट्रीय मिशन के साथ अपने गहरे जल अन्वेषण गतिविधियों को संरेखित करने के लिए रणनीति बना रहा है और संसाधन जुटा रहा है।