तिरुवनंतपुरम। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने राष्ट्रीय ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में राज्य की लगातार सफलता को गौरव का क्षण बताया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रभावी शासन एवं नवाचार पर आधारित विकास दृष्टिकोण को दिया। मुख्यमंत्री ने मंगलवार रात सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि यह उपलब्धि हमारी निरंतर प्रगति को दोहराती है जो राज्य में निवेश-अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में हो रही है। उन्होंने लिखा, यह गर्व का क्षण है क्योंकि केरल ने एक बार फिर ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (व्यापार करने में सुगमता) रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य को फिर से फास्ट मूवर (तेजी से आगे बढऩे वाले) श्रेणी में स्थान मिला है जो व्यापार सुधार कार्य योजना और अनुपालन बोझ में कमी के तहत हमारी सतत प्रगति को दर्शाता है। नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से यह सम्मान प्राप्त करने के बाद राज्य के उद्योग मंत्री पी. राजीव ने कहा कि यह केरल के व्यापार क्षेत्र में सुधारों के सफल क्रियान्वयन की उल्लेखनीय प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि व्यापार सुधार कार्य योजना (बीआरएपी) 2024 के तहत केरल फास्ट मूवर्स श्रेणी में शीर्ष पर रहा। राजीव ने बताया कि पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश ने भी केरल के साथ फास्ट मूवर्स श्रेणी में जगह हासिल की जबकि तमिलनाडु तथा महाराष्ट्र ने आकांक्षी श्रेणी की सूची में जगह बनाई।
