विशाखापत्तनम। अदाणी समूह अगले दशक में आंध्र प्रदेश में एक लाख करोड़ रुपए का निवेश करेगा। करण अदाणी ने आंध्र प्रदेश निवेशक शिखर सम्मेलन में शुक्रवार को कहा कि यह निवेश बंदरगाहों, सीमेंट, डेटा केंद्रों, ऊर्जा और उन्नत विनिर्माण क्षेत्र में किया जाएगा। यह पहले से निवेश किए गए 40,000 करोड़ रुपए के अतिरिक्त है। उद्योगपति गौतम अदाणी के सबसे बड़े बेटे करण अदाणी ने समूह के 15 अरब अमेरिकी डॉलर के विजाग टेक पार्क दृष्टिकोण का भी अनावरण किया। इसमें अमेरिकी कंपनी गूगल के साथ साझेदारी में दुनिया के सबसे बड़े हरित-संचालित हाइपरस्केल डेटा-सेंटर इकोसिस्टम में से एक का निर्माण शामिल है। करण अदाणी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में अदाणी समूह के मौजूदा परिचालनों ने पहले ही एक लाख से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष नौकरियां उत्पन्न की हैं। आगामी परियोजनाओं के माध्यम से और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की योजना है।