दुबई। परिधान खुदरा और खाद्य एवं पेय (एफएंडबी) क्षेत्र की अग्रणी कंपनी अपैरल ग्रुप ने कोरा प्रॉपर्टीज के साथ रियल एस्टेट क्षेत्र में कदम रखा है। इस क्षेत्र में प्रवेश के तहत कोरा प्रॉपर्टीज ने दुबई मैरीटाइम सिटी में 40 मंजिला, वाटरफ्रंट आवासीय परियोजना आईएल वेंटो पेश की। 50 करोड़ दिरहम की लागत वाली इस परियोजना के 2029 में पूरी होने की संभावना है। एपीपीसीओआरपी होल्डिंग के चेयरमैन एवं अपैरल ग्रुप के मालिक नीलेश वेद ने कहा, कोरा प्रॉपर्टीज में हमारा मकसद सरल है, एक ऐसा स्थान बनाना जो जीवन जीने की उमंग उत्पन्न करें नीलेश वेद, कोरा प्रॉपर्टीज के चेयरमैन की भूमिका भी संभालते हैं। वेद ने बताया कि इस पहली परियोजना के बाद कंपनी दिसंबर के अंत तक अपना दूसरा विकास कार्य शुरू करने की योजना बना रही है जिसमें दुबई में वाणिज्यिक एवं अर्ध-वाणिज्यिक टावर शामिल होंगे। विस्तार के तहत समूह भारत सहित उभरते बाजारों में शॉपिंग मॉल में निवेश करने की भी योजना बना रहा है, जहां वेद का मानना है कि अब भी काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, हम भारत सहित उभरते बाजारों में शॉपिंग मॉल में निवेश करना चाहते हैं और ऐसा किसी ऐसे कंपनी के साथ साझेदारी करना पसंद करेंगे जो मजबूत स्थानीय विशेषज्ञता लेकर आए।  अपैरल ग्रुप की खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी), भारत और अन्य बाजारों में महत्वपूर्ण उपस्थिति है। विशेष क्षमताओं की आवश्यकता को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि कंपनी नए क्षेत्रों में अपनी पैठ मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से गठबंधन बना रही है। भारत में अपनी योजनाओं के बारे में वेद ने कहा कि अपैरल ग्रुप ने फ्रांस की खुदरा कंपनी कैरेफोर के साथ साझेदारी की है, जो कैरेफोर के विशिष्ट ब्रांड को शुरुआत में उत्तर भारत में पेश करेगा। इसके बाद समूचे देश में इसकी शुरुआत की जाएगी। कैरेफोर का पहना स्टोर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में खुलने की उम्मीद है।