नई दिल्ली। मारुति सुजुकी इंडिया ने प्रौद्योगिकी-आधारित स्टार्टअप रविटी सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस में करीब आठ प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने की शुक्रवार को जानकारी दी। यह स्टार्टअप कनेक्टेड मोबिलिटी संबंधी जानकारी प्रदान करती है। कंपनी ने मारुति सुजुकी इनोवेशन फंड के माध्यम से स्टार्टअप में 7.84 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए करीब दो करोड़ रुपए का निवेश किया है। यह कोष के तहत तीसरा निवेश है। इससे पहले मार्च 2024 में एमल्गो लैब्स और जून 2022 में सोशियोग्राफ सॉल्यूशंस में लगभग दो करोड़ रुपए का निवेश किया गया था। मारुति सुजुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेउची ने बयान में कहा, स्टार्टअप आदर्श साझेदार हैं क्योंकि वे ग्राहकों की संतुष्टि सुनिश्चित करने के हमारे लक्ष्य का समर्थन करने के लिए नई सोच और अत्याधुनिक समाधान लेकर आते हैं। उन्होंने कहा, रविटी सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड में हमारा निवेश हमें डेटा-संचालित अंतर्दृष्टि के माध्यम से ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने में सक्षम बनाएगा।
