ताइपे (ताइवान)। ओपनएआई और ताइवान की इलेक्ट्रॉनिक कंपनी फॉक्सकॉन ने अमेरिकी एआई बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत अमेरिका में कृत्रिम मेधा डेटा केंद्रों के लिए प्रमुख उपकरणों के डिजाइन एवं निर्माण के लिए साझेदारी करने पर सहमति व्यक्त की है। दोनों कंपनियों ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को अलग-अलग बयानों में कहा कि फॉक्सकॉन इस समझौते के तहत ओपनएआई के साथ एआई डेटा सेंटर ढ़ांचे का सह-डिजाइन और विकास करेगी। फॉक्सकॉन, एनवीडिया के लिए एआई सर्वर बनाती है और आईफोन सहित एप्पल उत्पादों को असेंबल करती है सैन फ्रांसिस्को स्थित ओपनएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सैम ऑल्टमैन ने बयान में कहा, यह साझेदारी यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम है कि कृत्रिम मेधा (एआई) युग की प्रमुख प्रौद्योगिकियों का निर्माण यहीं हो। उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि यह कार्य अमेरिकी नेतृत्व को मजबूत करेगा और यह सुनिश्चित करने में मदद करेगा कि एआई के लाभ व्यापक रूप से साझा किए जाएं। फॉक्सकॉन के चेयरमैन लियू यंग ने कहा, हमारा मानना है कि एआई उद्योग का महत्व काफी बढ़ रहा है। लियू ने कहा, मैं अगले साल एआई के विकास को लेकर बहुत उम्मीद करता हूं। उम्मीद करता हूं कि बड़े ग्राहक एवं साझेदारों के साथ हमारा सहयोग और भी बढ़ेगा।
