कोलंबो। श्रीलंका के कार आयातकों ने चक्रवात दितवाह के कारण तीन महीने के बाद पंजीकरण किए गए वाहनों पर लगने वाले तीन प्रतिशत जुर्माने को माफ करने का सरकार से आग्रह किया है। श्रीलंका में आयातित कारों का सीमा शुल्क घोषणा की तारीख से तीन महीने के भीतर मोटर यातायात विभाग में पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इस नीति का पालन नहीं करने पर कार के लागत-बीमा-भाड़ा मूल्य के तीन प्रतिशत का मासिक जुर्माना लगाया जाता है। ऑटोमोबाइल इंपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रसाद मानगे ने कहा, हमारे जिन खरीदारों ने कार के लिए ऑर्डर दिए थे, वे पैसे वापस (रिफंड) चाहते हैं क्योंकि चक्रवात से हुए नुकसान ने उन्हें वित्तीय कठिनाइयों में डाल दिया है।  उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उपभोक्ता की क्रय शक्ति कम हो गई है। मानगे ने कहा, हम भी दितवाह चक्रवात के शिकार हैं क्योंकि ग्राहक अग्रिम जमा राशि वापस मांग रहे हैं।  उन्होंने सरकार से वाहनों के पंजीकरण की अवधि को बढ़ाकर छह महीने करने के साथ-साथ तीन प्रतिशत जुर्माने को माफ करने का भी अनुरोध किया। आयात आंकड़ों से पता चला है कि 28 नवंबर को दितवाह के तट पर पहुंचने से पहले ही कुल नए वाहन पंजीकरण में गिरावट आ चुकी थी।बाजार पर नजर रखने वाली संस्था जेबी सिक्योरिटीज के अनुसार, कुल वाहन पंजीकरण नवंबर में घटकर 43,810 इकाई रह गया जबकि अक्टूबर में यह 48,081 इकाई था।