नई दिल्ली। देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी इन्फोसिस ने उद्यम स्तर पर सृजनात्मक कृत्रिम मेधा (जेनरेटिव एआई) को बढ़ावा देने के लिए अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) के साथ रणनीतिक साझेदारी की बुधवार को घोषणा की। इस सहयोग के तहत इन्फोसिस की एआई पेशकश इन्फोसिस टोपाज और एडब्ल्यूएस का सृजनात्मक एआई आधारित टूल अमेजन क्यू डेवलपर एक साथ काम करेंगे। इस सहयोग का मकसद न सिर्फ इन्फोसिस के आंतरिक कामकाज को अधिक कुशल बनाना है, बल्कि विनिर्माण, दूरसंचार, वित्तीय सेवाओं और उपभोक्ता वस्तुओं जैसे क्षेत्रों में ग्राहकों के लिए नए समाधान एवं नवाचार को गति देना भी है। इन्फोसिस टोपाज, जेनरेटिव एआई प्रौद्योगिकी पर आधारित सेवाओं, समाधानों और मंचों का एक समूह है, जबकि अमेजन क्यू डेवलपर एक ऐसा एआई असिस्टेंट है जो सॉफ्टवेयर विकास और उद्यम स्तर पर कामकाज में मदद करता है। एडब्ल्यूएस के भारत एवं दक्षिण एशिया क्षेत्र के अध्यक्ष संदीप दत्ता ने एक बयान में कहा कि अमेजन क्यू और इन्फोसिस टोपाज की मिली-जुली ताकत से कंपनियों को नवाचार करने, कामकाज में फुर्ती लाने और ग्राहकों के लिए बेहतर मूल्य सृजन में मदद मिलेगी। इन्फोसिस के कार्यकारी उपाध्यक्ष बालकृष्ण डी. आर. ने कहा कि यह साझेदारी उद्यम मूल्य के सृजन और उसे ग्राहकों तक पहुंचाने के तरीके को बदल रही है।