नई दिल्ली। आईपी यूनिवर्सिटी के विभिन्न प्रोग्राम में दाख़िले के लिए 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षाओं (सीईटी) के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक डॉ. एस. एल. भंडारकर ने बताया कि एडमिट कार्ड यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर मौजूद लिंक से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
ये परीक्षाएं पहले ही की तरह पेपर-पेन मोड में ओएएमआर शीट पर आयोजित की जायेंगी।प्रश्न बहुविकल्प श्रेणी के होंगे। उतर ग़लत होने पर निगेटिव मार्किंग भी होगी। डॉ. भंडारकर ने बताया कि ये परीक्षाएं दो पालियों- सुबह और शाम- में आयोजित की जायेंगी। सुबह की पाली 10 बजे से साढ़े बारह बजे की और शाम की पाली ढाई बजे से पाँच बजे की होगी।
26 अप्रैल(शनिवार) को सुबह की पाली में एमबीए और बी. टेक(बायोटेक) के लिए प्रवेश परीक्षाएं हैं। शाम की पाली में एमए(अंग्रेजी) और बैचलर ऑफ़ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी के लिए प्रवेश परीक्षाएं हैं।
27 अप्रैल(रविवार) को सुबह की पाली में एमसीए/एमसीए(एसई), बैचलर औफ डिज़ाइन और बीएसई(नर्सिंग) के लिए प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जायेंगी।
शाम की पाली में एमओटी(न्यूरोलॉजी), एमपीओ, बी. फार्म, एम. टेक(सीईटी एंड वीएलएसआई),एम. टेक(बायोटेक्नॉलॉजी), एम. टेक (केमिकल इंजीनियरिंग), एमए(अर्थशास्त्र), एडवांस डिप्लोमा इन चाइल्ड गाइडेंस एंड काउंसलिंग, एमएससी(योग), मास्टर ऑफ़ डिज़ाइन, एमएड(स्पेशल एजुकेशन) और लेटरल एंट्री टू बैचलर ऑफ़ डिज़ाइन के लिए प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जायेंगी।
डॉ. भंडारकर ने बताया कि ये सारी प्रवेश परीक्षाएं दिल्ली-एनसीआर स्थित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जायेंगी।
परीक्षा केंद्र या पाली में परिवर्तन का कोई रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डॉ, भंडारकर ने बताया कि यूनिवर्सिटी के विभिन्न प्रोग्राम में दाख़िले के लिए प्रवेश परीक्षाएं 26 अप्रैल से 18 मई तक आयोजित की जा रही हैं। बाक़ी प्रवेश परीक्षाओं के एडमिट कार्ड भी इसी तरह परीक्षा से तक़रीबन एक सप्ताह पहले यूनिवर्सिटी वेबसाइट की लिंक से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
