नई दिल्ली। हवाई अड्डों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और हवाई क्षेत्र से संबंधित प्रतिबंधों के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विमानन कंपनियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ान के निर्धारित प्रस्थान से काफी पहले हवाई अड्डे पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने सभी उड़ानों के लिए सेकेंडरी लैडर पॉइंट चेकिंग अनिवार्य कर दी है, हवाई अड्डों के टर्मिनल भवनों में आगंतुकों पर प्रतिबंध लगा दिया है और समग्र रूप से सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने शुक्रवार को एक पोस्ट में कहा, दिल्ली हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य बना हुआ है। हालांकि, हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों और सुरक्षा उपाय बढ़ाने के कारण कुछ उड़ानों का कार्यक्रम प्रभावित हो सकता है। डायल राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) का संचालन करता है, जो देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है। एयरलाइन अधिकारियों ने कहा कि उड़ान परिचालन सामान्य है।
सभी एयरलाइन ने हवाई अड्डों पर जांच और अन्य सुरक्षा उपायों को बढ़ाने के मद्देनजर यात्रियों से घरेलू उड़ानों के प्रस्थान से तीन घंटे पहले हवाई अड्डे पर पहुंचने को कहा है। डायल ने यात्रियों को सभी हैंड और चेक-इन बैगेज नियमों का पालन करने और सुचारू सुविधा के लिए सुरक्षा व एयरलाइन कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की सलाह दी है। ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर देश के विभिन्न हिस्सों में करीब 27 हवाईअड्डे बंद हैं। सशस्त्र बलों ने पिछले महीने हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में बुधवार को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे।
पहलगाम हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत हुई थी। विमानन कंपनी इंडिगो ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, मौजूदा स्थिति के कारण श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर, किशनगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 10 मई 2025 तक 23:59 बजे तक रद्द कर दी गई हैं। विमानन कंपनी इन 10 हवाई अड्डों से आने-जाने वाली उड़ानों के लिए 8 मई को या उससे पहले की गई बुकिंग के लिए बदलावानिरस्तीकरण शुल्क में छूट दे रही है। इंडिगो ने कहा, हम इस पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं और सभी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। दिल्ली हवाईअड्डे से आने-जाने वाली कम से कम 90 उड़ानें बृहस्पतिवार को रद्द कर दी गईं। सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने के लिए एजेंसी ने सभी हवाई अड्डों पर सभी उड़ानों के लिए सेकेंडरी लैडर पॉइंट चेकिंग (एसएलपीसी) अनिवार्य कर दी है। आम तौर पर इसका मतलब उड़ान भरने से ठीक पहले यात्रियों और उनके सामान की जांच करना होता है। यह प्राथमिक सुरक्षा जांच के अतिरिक्त है। इसके अलावा हवाई अड्डों के टर्मिनल भवन में आगंतुकों के प्रवेश और आगंतुक प्रवेश टिकटों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस बीच, पिछले महीने से पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मार्ग बदले जाने के बाद मुंबई एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने यातायात में बढ़ोतरी दर्ज की है।
सूत्रों के अनुसार, एटीसी मुंबई से यूरोप, उत्तर और दक्षिण अमेरिका जाने वाली उड़ानों के अलावा अब उत्तरी भारत से इन क्षेत्रों की ओर जाने वाले विमानों को भी संभाल रहा है। स्पाइसजेट के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट करके ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दिखाई गई असाधारण बहादुरी और अटूट वीरता के लिए भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति आभार व्यक्त किया।
