मुंबई। अभिनेता इमरान हाशमी का कहना है कि वह अपनी आने वाली फिल्म आवारापन 2 के जरिए मुकेश भट्ट के साथ फिर से नहीं जुड़ रहे हैं बल्कि हम तो अलग हुए ही नहीं हैं। हाशमी ने कहा कि जब आप एक साथ इतनी सारी सफल फिल्में करते हैं, तो स्थिति पेचीदा हो ही जाती है।अभिनेता ने इस माह की शुरुआत में अपने 46वें जन्मदिन पर 2007 की फिल्म आवारापन के अगले भाग की घोषणा की थी। इस फिल्म का निर्माण उनके मामा मुकेश भट्ट के बैनर विशेष फिल्म्स ने किया था। उन्होंने 2003 में इस निर्माता कंपनी की फिल्म फुटपाथ से अपने अभिनय की शुरुआत की थी और भट्ट परिवार के साथ उनकी आखिरी फिल्म 2016 में राज: रीबूट थी।
अभिनेता ने कहा कि आवारापन-2 पर बिल्कुल सही समय पर काम किया जा रहा है।  हाशमी ने कहा, मैं इसे फिर से साथ (भट्ट परिवार के साथ) आने के रूप में नहीं देखता। ऐसा नहीं है कि हम अलग हो गए हैं। हमने 14 वर्षों तक कई सफल फिल्मों में काम किया...। जब आप एक साथ इतनी सारी सफल फिल्में करते हैं, तो कई बार स्थिति पेचीदा हो ही जाती है। हाशमी ने कहा कि आवारापन को मिले प्रशंसकों के प्यार के कारण इसका दूसरा भाग बनाने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि वह बिना किसी ठोस कहानी के, कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते थे। उन्होंने कहा, इस पर काफी समय से बातचीत हो रही थी। हम सिर्फ ऐसे ही इसका अगला भाग नहीं बनाना चाहते थे। हम एक ऐसे विषय पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे जो फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए उचित हो। यह एक ऐसी फिल्म है जिसके प्रशंसक बड़ी संख्या में हैं।