नई दिल्ली। पाकिस्तान में भारत के ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एक फिल्म की घोषणा को लेकर विवाद खड़ा होने और तीखी आलोचना के बाद निर्देशक को माफी मांगनी पड़ी।
निर्देशक उत्तम माहेश्वरी ने ऑपरेशन सिंदूर नामक फिल्म की घोषणा शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर की और बताया कि इसका निर्माण निकी विक्की भगनानी फिल्म्स और द कंटेंट इंजीनियर द्वारा किया जाएगा। निर्माताओं ने एक पोस्टर भी साझा किया, जिसमें एक महिला सैनिक वर्दी पहने और हथियार पकड़े हुए दिखाई दे रही है। वह अपने बालों में सिंदूर लगाती नजर आ रही हैं। सिंदूर, विवाहित हिंदू महिलाओं द्वारा मांग में लगाया जाने वाला लाल रंग होता है। भारत ने आतंकवादी हमले में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 लोगों की हत्या के दो सप्ताह बाद मंगलवार देर रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर लक्षित हमले किए थे। फिल्म की घोषणा को लेकर सोशल मीडिया पर इसकी जमकर आलोचना हुई।
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने कहा, शर्म करो यार, जंग शुरू है। एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, सिंदूर या ऑपरेशन सिंदूर का फिल्म उद्योग द्वारा लाभ के लिए व्यवसाईकरण नहीं किया जाना चाहिए। कानूनी तौर पर इसकी अनुमति हो सकती है लेकिन नैतिक रूप से यह गलत है। कुछ चीजों का सम्मान किया जाना चाहिए, न कि उन्हें लाभ कमाने का मौका समझा जाना चाहिए...। 
 एक अन्य व्यक्ति ने पोस्ट किया, अपने आप को और अपने देश को शर्मिंदा करना बंद करें। एक अन्य व्यक्ति ने फिल्म की टीम की आलोचना करते हुए कहा कि इसका बहिष्कार किया जाना चाहिए। फिल्म की घोषणा को लेकर आलोचना होने के बाद माहेश्वरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, हमारे भारतीय सशस्त्र बलों के हालिया वीरतापूर्ण प्रयासों से प्रेरित एवं ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित फिल्म की हाल में घोषणा करने के लिए मैं आपसे क्षमा चाहता हूं। हमारा उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।  उन्होंने लिखा, मैं एक फिल्म निर्माता के रूप में हमारे सैनिकों के साहस, बलिदान और ताकत से बहुत प्रभावित हुआ। मैं इस शक्तिशाली कहानी को सामने लाना चाहता था। यह फिल्म बनाने की घोषणा देश के प्रति हमारे गहरे सम्मान और प्रेम के कारण की गई, न कि प्रसिद्धि पाने और लाभ कमाने के लिए। माहेश्वरी ने कहा कि उन्हें पता है कि फिल्म की घोषणा जिस समय पर की गई, उससे कुछ लोगों को असहज महसूस हुआ होगा या उन्हें पीड़ा हुई होगी।  उन्होंने कहा, मैं इसके लिए गहरा खेद व्यक्त करता हूं। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, यह पूरे देश की भावना है और वैश्विक स्तर पर देश की सामाजिक छवि है। भारत द्वारा पाकिस्तान में किए गए सैन्य हमलों के बाद बॉलीवुड में ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े फिल्म शीर्षक के लिए आवेदन करने की होड़ मच गई है। फिल्म निर्माताओं ने महज दो दिन में 30 से अधिक शीर्षक पंजीकृत कराने के लिए आवेदन दे दिए हैं। पंजीकरण के लिए दिए गए आवेदनों में ऑपरेशन सिंदूर , मिशन सिंदूर और सिंदूर : द रेवेंज सहित अन्य शीर्षक शामिल हैं। जम्मू कश्मीर में 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के प्रतिशोध में, भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल हैं। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे।