नई दिल्ली। अभिनेत्री गौहर खान ने अभिनेता सुनील शेट्टी की उस टिप्पणी की आलोचना की है जिसमें उन्होंने सिजेरियन डिलीवरी (सी-सेक्शन) को सामान्य प्रसव की तुलना में आसान विकल्प बताया था।  गौहर खान रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर और इश्कजादे जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए जानी जाती हैं। शेट्टी ने हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में अपनी बेटी अथिया शेट्टी की इस बात के लिए सराहना की थी कि उन्होंने उस समय सामान्य प्रसव का विकल्प चुना, जब हर कोई सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा चाहता है।  उनकी इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई थी।
गौहर खान ने अपने पॉडकास्ट मनोरंजन के पहले एपिसोड में इस विषय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, मैं ज़ोर से चिल्लाना चाहती हूं और कहना चाहती हूं, आप ऐसा कैसे कह सकते हैं? इस विषय को लेकर कई अफवाहें फैली हुई हैं। यदि कोई महिला सिजेरियन प्रक्रिया से बच्चे को जन्म देती है, तो यह मान लिया जाता है कि उसने आसान रास्ता चुना। यह सोच पूरी तरह से गलत और भ्रामक है। उन्होंने कहा, जो व्यक्ति गर्भधारण नहीं कर सकता जिसने प्रसव का दर्द नहीं सहा, वह यह कैसे कह सकता है कि सिजेरियन डिलीवरी आसान होती है? पॉडकास्ट के दौरान गौहर ने यह भी खुलासा किया कि 2023 में बेटे जेहान के जन्म से पहले उनका गर्भपात हो गया था। उन्होंने कहा, यह एक ऐसी बात है जो मैंने अब तक सार्वजनिक रूप से नहीं कही थी। ज़ेहान से पहले मेरा गर्भपात हुआ था। वह गर्भावस्था लगभग नौ सप्ताह की थी। मेरे बच्चे को खोने के दर्द से उबरना बेहद कठिन अनुभव था। गौहर खान ने इस वर्ष की शुरुआत में घोषणा की थी कि वह अपने दूसरे बच्चे की उम्मीद कर रही हैं। वह संगीतकार इस्माइल दरबार के बेटे ज़ैद दरबार की पत्नी हैं। सुनील शेट्टी ने पिछले महीने दिए गए एक साक्षात्कार में कहा था, एक ऐसी दुनिया में जहां हर कोई सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा चाहता है, अथिया ने सामान्य प्रसव को चुना। अस्पताल में हर नर्स और बाल रोग विशेषज्ञ इस बात से चकित थे। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई जिसके बाद शेट्टी ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा, यदि मैं गलत हूं, तो मैं बिना किसी अहंकार के दुनिया से माफी मांगने को तैयार हूं। मैं महिलाओं के साथ कैसा व्यवहार करता हूं, यह मैं जानता हूं। मैं इस देश का एक जिम्मेदार नागरिक हूं और अपने शब्दों का महत्व समझता हूं।