चेन्नई। अभिनेता कमल हासन ने बुधवार को यहां अपनी आने वाली फिल्म ठग लाइफ के सितारों के साथ मंच साझा किया, लेकिन कन्नड़ भाषा पर अपनी टिप्पणी से उपजे विवाद पर कोई प्रतिक्रिया नहीं की।  हासन ने मणिरत्नम निर्देशित ठग लाइफ के पीछे की कड़ी मेहनत और इसमें इस्तेमाल तकनीक की अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता पर बात की, जो 5 जून को रिलीज होने वाली है।
उन्होंने कहा, मुझे पूरे तमिलनाडु राज्य का शुक्रिया अदा करना चाहिए जो मेरे पीछे खड़ा है।  हासन के इस बयान को उनकी कुछ दिन पहले की गई इस टिप्पणी की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि कन्नड़ भाषा का जन्म तमिल से हुआ है। अभिनेता ने कहा कि उन्हें अपने सार्वजनिक संबोधनों में इस्तेमाल किए गए नारे उइरे, उरावे, तामिझे का महत्व या अर्थ भी पूरी तरह से समझ में आ गया है। तीनों शब्दों का एक साथ इस्तेमाल तमिल भाषा के प्रति उनके गहरे प्रेम और उसके साथ उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।  संयोग से, हासन ने चेन्नई में ठग लाइफ के प्रचार कार्यक्रम में भी इस टैगलाइन का इस्तेमाल किया था, जिस दौरान उन्होंने कन्नड़ भाषा पर टिप्पणी की थी।  हासन ने दिग्गज फिल्म निर्देशक मणिरत्नम की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह एक सिनेमा ज्ञानी बन गए हैं और वह उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित रहे। अभिनेता ने इस अवसर पर मीडिया का भी आभार व्यक्त किया। कन्नड़ भाषा का जन्म तमिल से होने संबंधी टिप्पणी पर कर्नाटक उच्च न्यायालय ने मंगलवार को हासन की आलोचना की। ठग लाइफ के निर्माताओं ने कर्नाटक उच्च न्यायालय को सूचित किया कि फिल्म 5 जून को कर्नाटक में रिलीज नहीं होगी, जबकि इसे पूरे देश में प्रदर्शित किया जाएगा।  न्यायमूर्ति एम नागप्रसन्ना ने कहा कि एक बार की माफी से स्थिति सुलझ सकती थी और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को किसी की भावना को ठेस पहुंचाने की सीमा तक नहीं बढ़ाया जा सकता है, खास तौर पर एक जनसमूह की... बोले गए शब्दों को वापस नहीं लिया जा सकता, और उनके लिए केवल माफी मांगी जा सकती है।