नई दिल्ली। मशहूर गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ को अपनी आगामी फिल्म सरदार जी 3 में पाकिस्तानी कलाकार हानिया आमिर के साथ काम करने को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। यह फिल्म पंजाबी हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी सरदार जी का तीसरा भाग है, जिसका निर्देशन अमर हुंदल ने किया है। फिल्म को गुनबीर सिंह सिद्धू और मनमोर्ड सिद्धू की व्हाइट हिल स्टूडियोज और स्टोरी टाइम प्रोडक्शंस ने मिलकर बनाया है। दिलजीत ने रविवार रात अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म का ट्रेलर शेयर किया। अभिनेता ने कहा कि यह फिल्म, जो पहले दुनिया भर में रिलीज होने वाली थी, अब 27 जून को केवल विदेशों में ही रिलीज होगी। कैप्शन में लिखा है, ै सरदार जी 3 केवल विदेश में 27 जून को रिलीज हो रही है।ै इसके बाद कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने फिल्म में पाकिस्तानी कलाकार के चयन को लेकर नाराजगी जताई। एक यूजऱ ने लिखा बायकॉट, तो दूसरे ने टिप्पणी की दिलजीत दोसांझ गद्दार है। यह विवाद अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुआ है, जिसमें 26 आम नागरिकों की जान गई थी। 22 अप्रैल को हुए इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंधों में एक बार फिर तनाव देखा गया है।आंतकी हमले के बाद भारत में हानिया आमिर, फवाद खान, माहिरा खान, अली जफर, आतिफ असलम और राहत फतेह अली खान समेत पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट्स को बैन कर दिया गया है। फवाद खान और वाणी कपूर की फिल्म अबीर गुलाल को भी भारत में रिलीज करने की अनुमति नहीं मिली थी। यह फिल्म मई में रिलीज होने वाली थी।
